महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में गुपचुप रचाई शादी! पति हैं BJD के दिग्गज सांसद

पुरी{ गहरी खोज }: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने गुपचुप शादी कर ली है। खबर है कि उन्होंने ओडिशा के पुरी से चार बार सांसद रहे और बीजेडी नेता पिनाकी मिश्रा से 30 मई को शादी रचाई। महुआ और पिनाकी की एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें दोनों हाथ पकड़े मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि दोनों नेताओं ने इस शादी को बिल्कुल गोपनीय रखा था। यहां तक कि दोनों की पार्टियों के कई करीबी नेता भी इस शादी से अनजान थे।
शादी की खबर तब फैली जब जर्मनी से आई कुछ तस्वीरों में महुआ मोइत्रा को गोल्डन साड़ी और गहने पहने मुस्कुराते देखा गया। वहीं, पिनाकी मिश्रा भी फोटो में शेरवानी पहने नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को टेलीग्राफ इंडिया ने प्रकाशित किया, जिसके बाद महुआ और पिनाकी की शादी की खबर ने तूल पकड़ लिया। अभी तक महुआ या पिनाकी मिश्रा ने शादी की पुष्टि या खंडन नहीं किया है, और दोनों पार्टियों की ओर से भी कोई बयान जारी नहीं हुआ है।
महुआ मोइत्रा, जो संसद में अपने तीखे भाषणों और आक्रामक तेवर के लिए जानी जाती हैं, पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। राजनीति में आने से पहले वो एक इनवेस्टमेंट बैंकर थीं और अब सत्ता पक्ष की सबसे मुखर विरोधी मानी जाती हैं।
महुआ मोइत्रा के पति पिनाकी मिश्रा राजनीति और कानून दोनों ही क्षेत्रों के दिग्गज माने जाते हैं। उनका जन्म 1959 में हुआ था। उन्होंने सेंट स्टीफेंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की है।
उन्होंने 1996 में पहली बार पुरी (ओडिशा) से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा और जीतकर संसद में एंट्री ली। उस समय उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री ब्रज किशोर त्रिपाठी को हराया था। 1996 के बाद कुछ साल राजनीति से दूरी बनाए रखने के बाद उन्होंने दोबारा वापसी की, लेकिन इस बार वो बीजेडी (बीजू जनता दल) में शामिल हुए और फिर से पुरी से लोकसभा सांसद बने। 2009 से 2019 तक, उन्होंने लगातार तीन कार्यकाल में पुरी का प्रतिनिधित्व किया। पिनाकी मिश्रा, सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट भी हैं। सांसद के तौर पर वे संसद की फाइनेंस स्टैंडिंग कमेटी और बिजनेस एडवायजरी कमेटी जैसे महत्वपूर्ण संसदीय समूहों का हिस्सा रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनावों में पिनाकी मिश्रा ने चुनाव नहीं लड़ा और पुरी की यह सीट अब बीजेपी के संबित पात्रा के पास चली गई। पिनाकी मिश्रा की पहली शादी से एक बेटा और एक बेटी हैं।