मध्यप्रदेश में कई पुलिस अधिकारियों के तबादले

भोपाल{ गहरी खोज }:मध्यप्रदेश में पुलिस सेवा के कई अधिकारियों को नई नियुक्तियां दी गई हैं।
राज्य शासन की ओर से कल जारी आदेश के अनुसार इंदौर रेंज विस बल पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी को पिछले दिनों जारी आदेश के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन बनाया गया था। उनकी इस नियुक्ति को निरस्त कर पुरानी नियुक्ति को यथावत रखा गया है। पुलिस महानिरीक्षक महिला सुरक्षा हिमानी खन्ना अब पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन बनाई गईं हैं।
अब तक उप पुलिस महानिरीक्षक प्रबंध सुनील कुमार पांडे उप पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज बनाए गए हैं।
उप पुलिस महानिरीक्षक विसबल मुख्यालय भोपाल डी कल्याण चक्रवर्ती अब उप पुलिस महानिरीक्षक, छिंदवाड़ा रेंज के तौर पर नियुक्त किए गए हैं। बालाघाट पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह अब सेनानी, 25वीं वाहिनी विसबल के तौर पर काम करेंगे। राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा को बालाघाट एसपी बनाया गया है।
वहीं अब तक जबलपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाली दुबे अब सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय के तौर पर तैनात की गई हैं।