भारत वैश्विक स्तर पर और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा: पालासिओस

0
2025_6$largeimg05_Jun_2025_123824647

मुंबई { गहरी खोज }: पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस ने बुधवार को उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक मंच पर और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन की ओर से अपने सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह में बोलते हुए श्री पालासिओस ने कहा कि उनके देश के पास देने के लिए बहुत कुछ है और वे कृषि और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत के साथ मजबूत साझेदारी बनाने के इच्छुक हैं।
भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आए श्री पालासिओस ने यात्रा के दौरान जो कुछ भी देखा उसके लिए उन्होंने गहरी प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत आने वाले वर्षों में और भी महत्वपूर्ण वैश्विक भूमिका निभाएगा।
‘लैटिन अमेरिका के खाद्य भंडार’ के रूप में पैराग्वे की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि उनका देश और भारत कई समान मूल्यों और हितों को साझा करते हैं जो कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक ठोस आधार बनाते हैं।
पैराग्वे के राष्ट्रपति ने कहा कि पैराग्वे किसी युद्ध या संघर्ष में शामिल नहीं है।
उन्होंने राज्यपाल को बताया कि लैटिन अमेरिका संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि लैटिन अमेरिका मादक पदार्थों का एक बड़ा उत्पादक है, हालांकि यूरोप इसका उपभोक्ता है। उन्होंने मादक पदार्थों के माफिया के खतरे से लड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान भी किया।
श्री पालासिओस ने कहा कि 1955 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक सत्र के दौरान पैराग्वे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की थी, जिसमें उनके अहिंसा के दर्शन और शांति और न्याय के लिए वैश्विक संघर्ष में उनके अपार योगदान को मान्यता दी गई थी।
पैराग्वे के राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री रूबेन रामिरेज लेजकानो और अन्य लोग भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *