सुकमा में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, अब गांव को मिलेगी एक करोड़ की विकास राशि

सुकमा{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा का एक और गांव केरलापेंदा नक्सल मुक्त हो गया है। गांव में बचे अंतिम नौ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सोमवार को 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से नौ नक्सली चिंतलनार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत केरलापेंदा ग्राम पंचायत के हैं। इस आत्मसमर्पण के साथ ही यह गांव नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। राज्य सरकार की नई योजना के अनुसार नक्सल मुक्त ग्राम पंचायत को विकास परियोजनाओं के लिए एक करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आज सुबह सुकमा से ही पीएलजीए बटालियन के दो हार्डकोर नक्सली समेत 16 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें एक महिला और पुरुष पर आठ-आठ लाख का इनाम था। वहीं छह नक्सलियों पर 25 लाख रुपए का इनाम था। उन्होंने बताया कि सभी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण नीति और नियद नेल्लानार योजना से प्रभावित होकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। ये सभी नक्सली जिले की कई घटनाओं में शामिल थे।