घुटनों में हमेशा दर्द रहना किस बीमारी का लक्षण है? कैसे करें बचाव

लाइफस्टाइल डेस्क { गहरी खोज }: घुटनों में दर्द होना बढ़ती उम्र की समस्या है। बढ़ती उम्र में कई तरह बीमारियां घेर लेती हैं, जिनके कारण घुटनों में दर्द रहने लगता है। यदि युवावस्था में भी आपको लगातार घुटनों में दर्द महसूस हो रहा है तो सावधान हो जाएं। घुटनों में दर्द रहने की समस्या सामान्य नहीं है। यह हड्डियों की कई गंभीर बीमारियों का लक्षण भी हो सकता है। घुटनों में दर्द क्यों रहता है इस बारे में हमने बात की सीनियर ऑर्थोपेडिक सर्जन से।
घुटनों में दर्द रहने के कई कारण हो सकते हैं। चोट या ज्यादा व्यायाम करने के कारण भी ऐसा हो सकता है। शारीरिक कमजोरी के कारण भी ऐसा हो सकता है। लेकिन, यदि लगातार घुटनों में दर्द हो रहा है तो लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। घुटनों में दर्द होना हड्डियों की कई गंभीर बीमारियों के कारण भी होता है। यदि इनका समय से इलाज न करवाया जाए तो दर्द बढ़ता जाता है और घुटने के जोड़ की हड्डियां घिस भी जाती हैं। जिसके बाद केवल घुटना बदलवाना, ट्रांसप्लांट की एकमात्र इलाज बचता है।
इन बीमारियों में होता है घुटनों में दर्द
सीनियर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ। अजय पंवार बताते हैं कि घुटनों में लगातार दर्द रहना कई गंभीर बीमारियों का लक्षण है। शुरुआत में ही इसकी जांच करवा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि घुटनों में दर्द के मुख्य कारण चोट, अधिक व्यायाम, शारीरिक कमजोरी, गठिया या गाउट और ऑस्टियोआर्थराइटिस के कारण होता है। घुटने के लिगामेंट फटना या मेनिस्कस का फटने के कारण घुटनों में दर्द होता है। ऑस्टियोआर्थराइटिस, रुमेटीइड गठिया, गाउट के कारण भी ऐसा होता है। इसके अलावा संक्रमण, बर्साइटिस, टेंडोनाइटिस के कारण भी घुटनों में दर्द होता है।
इलाज करवाएं
यदि आप ज्यादा व्यायाम नहीं करते हैं और आपको घुटनों में दर्द हो रहा है तो इसकी जांच जरूर करवानी चाहिए। कई बार फ्लैट फुट के कारण भी घुटनों में दर्द रहना शुरु हो जाता है। गठिया के कारण घुटने धीरे-धीरे घिसने लगते हैं और जोड़ लगभग खत्म हो जाते हैं। डॉ। अजय पंवार बताते हैं कि वजन का इस बीमारी बहुत योगदान होता है। यदि घुटनों में दर्द हो रहा है तो सबसे पहले वजन करने का प्रयास करना चाहिए। इसके साथ ही दिनचर्या और खानपान में बदलाव करना चाहिए। डॉक्टर को दिखाकर जांच करवाएं और इलाज करवाएं। इससे आप अधिक नुकसान से बच सकते हैं।