महिला सशक्तिकरण की प्रतीक चार महिलाओं ने किया मोदी का स्वागत

भोपाल{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का प्रवास पूरी तरह महिला सशक्तिकरण के नाम रहा, जिस दौरान न केवल प्रधानमंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित डाक टिकट और सिक्का जारी किया, बल्कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्वागत भी महिला सशक्तिकरण की प्रतीक चार महिलाओं ने किया।
श्री मोदी यहां देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद थे।
समारोह में प्रधानमंत्री श्री मोदी का महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की प्रतीक प्रदेश की चार महिलाओं ने स्वागत किया। इस क्रम में जबलपुर में कैंसर रोगियों की देखरेख को समर्पित सुश्री ज्ञानेश्वरी देवी, पहली भारतीय कैनोइस्ट और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त सुश्री प्राची यादव, ग्राम स्तर पर स्वच्छता और विकास कार्यों को समर्पित ग्राम तिरला – जिला धार की सरपंच श्रीमती आरती पटेल और महेश्वरी साड़ी निर्माण में लगी नागेश्वरी स्वयं सहायता समूह महेश्वर की सुश्री मीनाक्षी ठाकले ने स्वागत अभिवादन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय कलाकार डा. जयमती कश्यप को राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान से सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर को समर्पित डाक टिकट और सिक्का जारी किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण तथा इंदौर मेट्रो का उद्घाटन भी किया। इसके पूर्व उन्होंने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।