मोर शिकार का आरोपी गिरफ्तार : राजेरा गांव में हुआ था शिकार, पांच दिन में दबोचा गया शिकारी

बीकानेर { गहरी खोज }: नापासर थाना क्षेत्र के राजेरा गांव की रोही में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बीते गुरुवार को हुए शिकार के पांच दिन बाद ही विभाग ने शिकारी को पकड़कर न्यायालय में पेश कर दिया। वन अधिकारी बीकानेर उत्तर महावीर रुहिल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोडूराम पुत्र मोहनलाल बावरी (उम्र 54 वर्ष), निवासी गोपालसर, तहसील श्रीडूंगरगढ़ है। उसे 26 मई, सोमवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर तेजरासर की रोही क्षेत्र में एक झोंपड़ी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे मौके पर ले जाकर राजेरा की रोही में शिकार स्थल की पहचान करवाई गई।
वन विभाग की टीम ने मौके से मोर के अवशेष भी बरामद किए हैं, जो आरोपी द्वारा शिकार की पुष्टि करते हैं। गिरफ्तार आरोपी को बाद में न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस गिरफ्तारी अभियान में वनपाल जेठमल शर्मा, सहायक वनपाल राजूराम और लक्ष्मीकांत, वनरक्षक हड़माना राम, भोमसिंह, कमल कुमार और विद्या चौधरी की अहम भूमिका रही। वन विभाग के अनुसार किसी भी वन्य जीव, विशेषकर राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करना गंभीर अपराध है। बीकानेर क्षेत्र में मोर और हिरण जैसे संरक्षित जीवों के शिकार की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए विभाग लगातार सतर्कता और सख्त कार्रवाई कर रहा है।