भारत एक बुद्धिमान राष्ट्र के रूप में इतिहास से ऊपर उठ चुका है : एस गुरुमूर्ति

तिरुवनंतपुरम{ गहरी खोज } : प्रसिद्ध स्तंभकार और प्रमुख राष्ट्रवादी विचारक एस गुरुमूर्ति ने कहा है कि भारत बुद्धिमान राष्ट्र है जो इतिहास से ऊपर उठ चुका हैं, जबकि कुछ राष्ट्र इतिहास के बंधक बने हुए हैं।
श्री गुरुमूर्ति ने कहा कि भारत ने राष्ट्रवाद का विचार विकसित किया है जो सभी धार्मिक समुदायों के प्रति परस्पर सम्मान पर आधारित है, जबकि पाकिस्तान का राष्ट्रवाद का विचार केवल ‘भारत के प्रति घृणा’ पर आधारित है।
प्रमुख राष्ट्रवादी विचारक गुरुमूर्ति बुधवार शाम को यहां राजभवन में ‘ऑपरेशन सिंदूर: मोमबत्ती की रोशनी से ब्रह्मोस तक का आदर्श बदलाव’ पर अपना वक्तव्य दे रहे थे।
उन्होंने कहा, “जहां पाकिस्तान का धर्मशास्त्र एक राजनीतिक विचारधारा बन गया है, वहीं भारत ने राष्ट्रवाद का दर्शन विकसित किया है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारत के लगभग 32 प्रतिशत रक्षा उपकरण ‘मेड इन इंडिया’ हैं, जिसने भारत की रक्षा तैयारियों के रणनीतिक आयामों में बहुत बड़ी गति प्रदान की है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने समारोह की अध्यक्षता की। इससे पहले पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गये रामचंद्रन के परिवार के सदस्यों को राज्यपाल ने सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरुमूर्ति देश में एक लेखक और पत्रकार के रूप में लोकप्रिय हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, वह उच्च पदस्थ कॉर्पोरेट सलाहकार हैं। उन्होंने अपने खोजी लेखन के जरिये उच्च श्रेणी के लगातार अभियान चलाए हैं।