अबतक कार्रवाई में ट्रेनों से अवैध वेन्डरों के साथ किन्नरों की भी हुई धरपकड़

नागपुर{ गहरी खोज } :रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मंडल की ओर से अवैध वेंडरों और किन्नरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। मई 2025 में अब तक 167 अवैध वेंडरों और 4 किन्नरों को पकड़कर कार्रवाई की गई। इसी तरह पूरे वर्ष 2025 में अब तक कुल 23 सौ 40 अवैध वेंडरों पर रेल अधिनियम की धारा 144 के तहत कार्रवाई कर 3 लाख 36 हजार 545 रुपए जुर्माना वसूला गया, जबकि 83 किन्नरों से 86 हजार तक जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त अभियान में 40 अवैध वेंडरों और यात्रियों से पैसे मांगने वाले 3 किन्नरों को पकड़ा गया।
मीलों तक सफर करवाने वाली रेल गाड़ियों में यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसमें अवैध वेन्डर और किन्नर शामिल है। सफरभर इनसे यात्री परेशान होते रहते हैं। किन्नर तो यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने से भी डरते नहीं है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग तथा यात्रियों को परेशान करने वाले किन्नरों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार अभियान चला रही हैं। बिना टिकट पाए गए अवैध वेंडरों पर वाणिज्य विभाग जुर्माना लगा रहा है और उन्हें रेल अधिनियम के तहत रेलवे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यात्रियों को परेशान करने वाले दो व्यक्तियों पर कार्रवाई मई 2025 के पहले सप्ताह में नागपुर-रायपुर पैसेंजर ट्रेन में दो व्यक्तियों द्वारा भीख मांगने और महिलाओं सहित यात्रियों के साथ विवाद करने का मामला सामने आया। यात्रियों के विरोध के बाद दोनों व्यक्ति सालेकसा स्टेशन पर उतरकर भाग गए। RPF की मंडल टास्क टीम ने गुप्त निगरानी के दौरान सालेकसा स्टेशन परिसर में इन दोनों को उपद्रव करते पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने उक्त घटना में शामिल होने की बात स्वीकारी, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।