सेना के समर्थन में कांग्रेस ने पटना में निकाली तिरंगा यात्रा, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी हुए शामिल

0
202505103400659

पटना{ गहरी खोज }: भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और वीरता के समर्थन में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को राजधानी पटना में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से निकली इस यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी शामिल हुए।
भूपेश बघेल ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के वीर जवानों के देश के प्रति समर्पण और जज्बे के समर्थन में कांग्रेस द्वारा देश भर में निकाली जा रही है। इस यात्रा का संदेश है कि कांग्रेस प्रत्येक परिस्थिति में सेना के साथ है। देश में जो स्थिति है, उसमें हम भारतीय सेनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं और सेनाओं के शौर्य, साहस को सलाम करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा ने आम लोगों में जागरूकता पैदा करने का काम किया है और युद्ध की स्थिति में सेना द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन और रक्तदान को भी हम आम लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय सेना के साथ कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। हम जवानों के परिवार के साथ हैं और उनके लिए हर परिस्थिति में साथ देंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि यह वह भारतीय सेना है, जिसने अपने शौर्य और पराक्रम के बल पर पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे। आज एक बार फिर आतंक के पनाहगारों को सबक सिखाने का समय आ चुका है। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता इस घड़ी में सेना के साथ खड़े हैं। पाकिस्तान अपनी जमीन पर आतंक को बढ़ावा देकर, बार-बार देश के स्वाभिमान को चुनौती दे रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भारतीय सेना आतंक को खत्म करने के लिए हर मोर्चे पर पाकिस्तान को सबक सिखा रही है। सेना का साफ संदेश है कि भारत के खिलाफ जो कोई भी आंख उठाकर देखेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *