परशुराम जयंती : भगवान परशुराम का किया दुग्धाभिषेक, कल निकलेगी शोभायात्रा

0
28-74-1745848229-718487-khaskhabar

जयपुर{ गहरी खोज }: दो दिन तृतीया होने के कारण भगवान परशुराम जयंती दो दिन 29 और 30 अप्रेल को मनाई जाएगी। ब्राह्मण समाज की ओर से चिंरजीवी भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 29 अप्रेल को विद्याधर नगर के परशुराम सर्किल पर शाम 6:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व सोमवार शाम को भगवान परशुरामजी का दुग्धाभिषेक किया गया।
कार्यक्रम से जुड़े विरेंद्र शर्मा ने बताया बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं ने वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम जी का दूध से अभिषेक किया। मंगलवार शाम साढ़े छह बजे उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित अनेक जन प्रतिनिधि और अनेक गणमान्य लोग सैंकड़ों दीपकों से भगवान परशुराम की महाआरती उतारेंगे। इसके बाद हाथी, ऊंट, घोड़े, बैंडवादन और लवाजमे के साथ भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा में 1100 महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गातीं हुईं चलेंगी। वहीं युवाओं की टोली वाहन रैली के रूप में साथ चलेंगे। शेष सभी लोग हाथों में भगवान परशुराम जी की भगवा पताका और ध्वज थामे जयकारे लगाते हुए चलेंगे। शोभायात्रा में भगवान परशुराम सुसज्जित रथ में विराजमान रहेंगे। वहीं ब्राह्मण समाज के वयोवृद्ध लोग बग्गियों में सवार होकर शोभायात्रा को निहारेंगे।
शोभायात्रा अलका सिनेमा, सीकर रोड, मुरलीपुरा सर्किल, केडिया पैलेस चौराहा होते हुए रामेश्वरधाम मुरलीपुरा स्थित श्री गौड़ विप्र समाज भवन पहुंचेगी। यहां पुष्प वर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। सोमवार को श्री गौड़ विप्र समाज भवन में शोभायात्रा, कलशयात्रा और महाआरती की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *