यादव ने नथानियल को अर्पित की श्रद्धांजलि, परिजन को बंधाया ढांढस

इंदौर{ गहरी खोज }: पहलगाम में आतंकवादी हमले में मृत मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी सुशील नथानियल को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिवंगत श्री नथानियल की पार्थिव देह कल रात इंदौर विमानतल पहुंची। उनके साथ उनकी पत्नी, पुत्र और हमले में घायल हुई बेटी भी इंदौर लौटीं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इंदौर हवाईअड्डे पर उनकी पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित किए। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी श्री नथानियल के प्रति पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजन से मिलकर शोक संवेदना भी व्यक्त की। डॉ. यादव से मिलते ही उनके परिजन अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाए और उनकी आंखों से अश्रु झरने लगे।
मुख्यमंत्री ने परिजन को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख और शोक की इस घड़ी में न केवल प्रदेश अपितु पूरा देश उनके साथ है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इसी बीच कल जारी हुई एक सरकारी विज्ञप्ति में डॉ यादव ने कहा कि श्री नथानियल अलीराजपुर में एलआईसी कार्यालय में पदस्थ थे। प्रदेश सरकार हमले में घायल श्री नथानियल की बेटी आकांक्षा की मदद के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। दुख की इस घड़ी में सरकार श्री नथानियल के परिवार के साथ है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरा केंद्रीय नेतृत्व इस मामले पर पल-पल नजर रखे हुए है। जम्मू कश्मीर में पर्यटकों पर हमला पाकिस्तान की कायराना हरकत है। यह घटनाक्रम पूरे देश पर वज्रपात के समान है। पाकिस्तान और उसके हिमायती दहशतगर्दों को इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है।