अंबेडकर जयंती पर आज प्रदेश भर में आयोजन, यादव जाएंगे महू

भोपाल{ गहरी खोज } : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती को मध्यप्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाने वाली है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव डॉ अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव सुबह 11 बजे डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा को नमन करेंगे। बाद में अस्थि कलश पर पुष्प वर्षा का बुद्ध वंदना में शामिल होंगे। साथ ही भन्ते धर्मशील जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर पुस्तक विमोचन कर भीम रत्न अवार्ड भी प्रदान करेंगे। प्रतिवर्ष इंदौर जिले के डॉ. अम्बेडकर नगर महू स्थित उनकी जन्म स्थली पर जयंती उत्सव मनाया जाता है।
पार्टी की ओर से आज डॉ अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर मिष्ठान्न वितरण के साथ ही संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा भोपाल, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय महू, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद देवास, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल गंजबासौदा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
इसी तरह प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी के सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पार्टी कार्यकर्ता आंगनवाड़ी केन्द्रों और अनुसूचित जाति बस्तियों के स्कूलों में परिसर की सफाई, पेयजल व अन्य सामुदायिक सुविधाओं का रखरखाव करेंगे। 15 से 25 अप्रैल के बीच समाज के विभिन्न वर्गों के समाज प्रमुखों के साथ जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित कर कांग्रेस द्वारा किए गए डॉ अंबेडकर के कथित अपमान व भाजपा द्वारा उन्हें दिए जा रहे सम्मान और जिस तरह से कांग्रेस ने संविधान से खिलवाड़ किया तथा भाजपा ने संविधान के प्रति जो सम्मान प्रदर्शित किया है, उस पर विस्तार से चर्चा करेंगे।